महिलाओं की सच्ची हितैषी कौन कांग्रेस या भाजपा, जानें

Ranchi : झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस का मैत्री महासम्मेलन शनिवार को सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में हुआ. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा, झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे समेत मौजूद नेताओं ने बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और पार्टी का झंडा फहरा कर सम्मेलन की शुरुआत की. झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो महिलाओं की सच्ची हितैषी है. कांग्रेस ने ही पहली बार किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष, मुख्यमंत्री , राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, स्पीकर और विभिन्न पदों पर बिठाया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिला आरक्षण का बिल लाकर चुनावी दांव खेला है.

पोस्टर लांच, 6 प्रस्ताव पारित

झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने मेरा बूथ मेरी जिम्मेदारी का पोस्टर लांच किया और 6 प्रस्ताव पारित किए. इसमें कहा गया है कि महिला कांग्रेस और झारखंड की महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा और राज्यसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिले. केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ ही अर्ध सरकारी तथा निजी क्षेत्र की नौकरियों में 50% महिलाओं को आरक्षण सुनिश्चित किया जाए, केंद्र प्रायोजित कार्यक्रम में कार्यरत सभी तरह के कर्मियों को श्रम विभाग में लागू न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित की जाए. महिलाओं को महंगाई से निजात दिलाने हेतु अधिकतम ₹500 में गैस सिलेंडर दिया जाए. ओबीसी महिला का आरक्षण सुनिश्चित करते हुए महिला आरक्षण तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए. डायन प्रथा, दहेज प्रथा, शिक्षा, यौन हिंसा, असमानता, भ्रूण हत्या, महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा, वेश्यावृत्ति, मानव तस्करी जैसे अभिशापों को खत्म करने के लिए बनाए गए कानून का सख्ती से पालन करने हेतु प्रस्ताव ध्वनि मत से पास किया गया.

चुनाव में महिला कांग्रेस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि इस बार 2024 चुनाव में महिला कांग्रेस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. झारखंड कांग्रेस में महिलाओं की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है. कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह ने की. इस मौके पर मंत्री आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता , बादल, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर , सुबोधकांत सहाय, सांसद गीता कोड़ा, विधायक दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, प्रदीप बलमुचु, सुखदेव भगत समेत कई नेता और विभिन्न जिलों से आयीं महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Related posts