स्कूलों में जल योद्धा तैयार कर रहा यंग इंडियंस, जल संरक्षण के लिए बच्चों को किया जा रहा जागरुक

जमशेदपुर : सीआईआई यंग इंडियंस द्वारा पानी बचाने को लेकर जल जागरुकता अभियान जल योद्धा कार्यक्रम का शुभारंभ किया है और यह सालों भर चलने वाला कार्यक्रम है। जिसके तहत यंग इंडियंस मेंबर द्वारा विभिन्न स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को पानी बचाने को लेकर जागरुक किया जा रहा है। वहीं यंग इंडियंस बच्चों के जरिए उनके परिवार तक पहुंच रहा है। साथ ही कहा जा रहा है कि बच्चे अगर जागरुक होंगे तो वे दूसरों को भी जागरुक कर सकेंगे। इसके लिए वे अपने घर परिवार में भी लोगों को जल संरक्षण करने को प्रेरित करेंगे। इसलिए बच्चों को जल योद्धा के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार शहर के चार स्कूलों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आज सुबह 8 बजे से जमशेदपुर हाई स्कूल (हिंदी) में आयोजित कार्यक्रम में विवेक देबूका ने स्कूली बच्चों को जल संरक्षण अभियान के साथ-साथ जल योद्धा कार्यक्रम के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को पानी बचाने के अलावा घर परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा। इसी तरह मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में रितु गोयल, उमंग अग्रवाल, फियोना सरावगी, केपीएस कदमा में शालु खेतान व बरखा केडिया और केपीएस बर्मामाइंस में मोक्षिता और अंकित ने सत्र का संचालन किया। इस दौरान बताया गया कि वातावरण में बदलाव आने के कारण मौसम पूर्नामुमानहीन होता जा रहा है। सुखाड़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है। वहीं पर्याप्त बारिश न होने के कारण कई तरह की परेशानी भी हो रही है। बच्चों को जल चक्र की जानकारी भी दी गई। उन्हें वाटर फुटप्रिंट के बारे में बताया गया। साथ ही इससे जुड़े सर्वे में भी शामिल किया जा रहा है। बच्चों को घर और बाहर पानी कम से कम उपयोग और उसे कैसे बचाया जाए, इसके बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें कई तरीके भी बताए गए। कहा गया कि नहाने के लिए ताजे पानी का कम से कम उपयोग करना, घरेलू जरूरतों जैसे सफाई आदि के लिए वर्षा जल संचय और उपयोग करने के साथ-साथ अपशिष्ट जल प्रबंधन के लिए अपनी प्रणाली में सुधार करने को कहा गया। वहीं यंग इंडियंस द्वारा बच्चों को वाटर वॉरियर रिपोर्ट कार्ड भी दिया जा रहा है। जिसके तहत उन्हें पानी से जुड़े सवालों को लेकर 10 दिनों की स्थिति पर रिपोर्ट कार्ड तैयार कर उसे वापस यंग इंडियंस को लौटाना है। जिसके आधार पर पता चल सकेगा कि लोग किस कार्य में पानी का उपयोग ज्यादा कर रहे हैं और उस आधार पर लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा पानी की बचत की जा सके। यंग इंडियंस के इस स्कोर कार्ड में 10 प्रश्न हैं। जिसके लिए 80 अंक निर्धारित किए गए हैं और 70 से ज्यादा अंक लाने वाले बच्चों को जल योद्धा माना जाएगा। जबकि 60 से 70 अंक लाने वालों को माना जाएगा कि वे जल योद्धा बनने की ओर अग्रसर हैं। वहीं 50 से 60 अंक वाले जल योद्धा के करीब हैं और 50 से कम वालों से ऐसा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Related posts