दुर्घटना में डकरा के दो मौसेरे भाई की मांडर में पुल के नीचे गिरने से हुई मौत 

खलारी: खलारी थाना क्षेत्र के डकरा स्थित खूंटी टोला निवासी दो युवक की बीती रात रांची जाने के क्रम में मांडर मुर्गू के पास बन रहे पुल के नीचे बाइक समेत गिर जाने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दोनों युवक मौसेरे भाई थे। मंगलवार की सुबह मांडर पुलिस के द्वारा परिजनों को सूचना देकर इस घटना की जानकारी दी गई। परिजनों के अनुसार सोमवार की रात लगभग 9 बजे खूंटी टोला निवासी 19 वर्षीय विनीत तुरी के मोबाइल पर फोन आया जिसके बाद उसने घर में बताया कि वह अपने दोस्त को लेने मौसेरे भाई 18 वर्षीय कारण तुरी के साथ रांची जा रहा है। जिसके बाद दोनों युवक पल्सर बाइक नंबर जेएच 01 एफएफ-7103 से रांची के लिए रात में ही निकले। इसी क्रम में मांडर के पास मुर्गू में एनएच 75 में बन रहे पुल से नीचे बाइक समेत अनियंत्रित होकर गिर पड़े। सुबह आसपास के लोगों की नजर घटनास्थल पर पड़ी जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। इधर मंगलवार की सुबह में कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर युवक की तस्वीर डाल कर मृतक की पहचान करने में जुटे रहे हैं। जिसके बाद दोनों मृतक युवक की पहचान खलारी के होने के बाद पुलिस के द्वारा सूचना परिजनों को दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों ही परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक विनित तुरी के पिता विनोद तुरी ने बताया कि विनीत रांची में आईटीआई का पढ़ाई करता था और इसी वर्ष उसका कोर्स कंप्लीट होने वाला था। इधर मृतक करण के परिजनों ने बताया कि वह मोहन नगर विद्या मंदिर स्कूल में दसवीं का छात्र था। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों मृतक के आवास पर परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ लगी रही। देर शाम दोनों युवकों का शव पोस्टमार्टम के बाद डकरा पहुंचा। शव पहुंचते ही वहां का माहौल गमगीन हो उठा। दोनों युवकों का अंतिम संस्कार सुभाष नगर शमशान घाट पर देर शाम किया गया।

Related posts