सांसद ने टुसू और मकर संक्रांति त्योहार को लेकर उपायुक्त को पत्र लिखकर की साफ-सफाई की मांग

जमशेदपुर : सांसद विधुत वरण महतो ने शुक्रवार जिले के उपायुक्त को एक पत्र सौंप कर झारखंड के महापर्व टुसू के अवसर पर सभी नदी के घाटों, तालाबों और जलाशयों की साफ सफाई की मांग की है। पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा है कि मकर संक्रांति पूरे भारतवर्ष का महान पर्व है। साथ ही झारखंड में यह टुसू पर्व के रूप में लोक आस्था से जुड़ा हुआ अत्यंत महत्वपूर्ण त्योहार है। यह पर्व संपूर्ण झारखंडी जनता द्वारा पूरे श्रद्धा, आस्था और मनोयोग के साथ मनाया जाता है। वहीं मकर संक्रांति के दिन सभी लोग नदी तट के साथ साथ विभिन्न जलाशयों पर जाकर स्नान करने के बाद सूर्य भगवान की पूजा करते हैं। जिसके बाद पारंपरिक रूप से पीठा-मुड़ी, दही-चूड़ा, तिल आदि का दान करते हैं। उसके बाद ही श्रद्धालु प्रसाद स्वरूप अन्न भी ग्रहण करते हैं। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु एकत्र भी होते हैं। आगे सांसद ने कहा कि शहर के विभिन्न नदी घाटों विशेष कर सोनारी स्थित दोमुहानी के संगम पर विशेष व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। इसके अलावा भूइंयाडीह, कदमा, बिष्टुपुर व बागबेड़ा बडौदा घाट में भी बड़ी संख्या में लोग प्रातः काल स्नान करते हैं। उन्होंने संबंधित निकायों एवं पदाधिकारी को इस संबंध में समुचित दिशा निर्देश देने का आग्रह भी किया है। वहीं उपायुक्त ने सांसद विधुत वरण महतो को आश्वस्त किया है कि इस संबंध में समुचित इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न घाटों और जलाशयों की साफ सफाई भी की जाएगी। ताकि श्रद्धालु सुगमता पूर्वक अपना पर्व त्योहार मना सके।

Related posts