सड़क दुर्घटना में अंतरराष्ट्रीय एथलीट शांति मुक्ति बारला की हुई मौत

जमशेदपुर : रांची के तमाड़ थाना अंतर्गत जोजोडीह एनएच 33 स्थित देवड़ी मंदिर के पास सोमवार की सुबह सड़क दुर्घटना में अंतरराष्ट्रीय एथलीट शांति मुक्ति बारला की मौत हो गई। वह जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में खेल की शिक्षिका थीं। साथ ही वह मूल रुप से गुमला की रहने वाली थी। जबकि वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ आदित्यपुर में रहती थीं। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह अपनी मित्र सीमा कुमारी के साथ स्कूटी पर सवार होकर गुमला स्थित घर जा रही थी। इसी बीच जोजोडीह के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जबकि सीमा गंभीर रुप से घायल हो गई है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताते चलें कि शांति बारला ने साकची जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित झारखंड राज्य मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 100 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक भी जीता था। वहीं हाल ही में दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने कई पदक जीते थे।

 

शांति मुक्ति बारला का निधन विश्वविद्यालय के लिए अपूरणीय क्षति – कुलपति

 

वहीं महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो डॉ अंजिला गुप्ता ने प्राध्यापक सह अंतरराष्ट्रीय एथलीट शांति मुक्ति बारला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए अपूरणीय क्षति है। खेल जगत में उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम भी रौशन किया है। पिछले वर्ष 2023 में प्रथम ओपन अन्तरराष्ट्रीय मास्टर्स चैम्पियनशिप दुबई में सम्मिलित हुई थी। जिसमें उन्होंने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक भी जीता था। इसी तरह 15 दिसम्बर को विश्वविद्यालय के प्रथम एनुअल स्पोर्ट्स मीट में जिले के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने खेलजगत में उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया था।

Related posts