टाटा स्टील सीआरएम प्लांट में क्रेन से गिरकर हुई स्थाई कर्मचारी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ 

 

जमशेदपुर : शनिवार की तड़के 4 बजे बिस्टुपुर थाना अंतर्गत टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट स्थित कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) डिपार्टमेंट के स्थाई कर्मचारी कदमा बाजार मेन रोड क्वार्टर नंबर 85 एल-4 निवासी 32 वर्षीय नरेश प्रसाद उर्फ विक्की क्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद आनन-फानन में सेफ्टी विभाग की टीम ने उसे इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक नरेश प्रसाद क्रेन ऑपरेटर था। घटना के दौरान वह क्रेन पर चढ़ रहा था। इसी बीच वह अचानक गिर गया। जिससे उसके सर पर गंभीर चोट आई और जो उसकी मौत का कारण बना। वहीं घटना के बाद इसकी सूचना परिजनों को भी दी गई। साथ ही मामले की उच्चस्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इधर घटना को लेकर टाटा स्टील द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार मृतक नरेश प्रसाद नामक कर्मचारी सुबह 4 बजे क्रेन ऑपरेशन के दौरान ही गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक का माता पिता, छोटा भाई और पत्नी के अलावा एक छह माह का बच्चा भी है। जबकि टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस दुख की घड़ी में मृतक के परिवार के साथ पूरा प्रबंधन खड़ा है। वहीं परिजनों को सारा सहयोग प्रबंधन कर रही है। कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति कंपनी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फिलहाल मृतक का अंतिम संस्कार रविवार को होगा।

Related posts