कैंसर रोग से पीड़ित था कर्मी, पुलिस मामले की जांच में जुटी
जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया चित्रगुप्त नगर में टाटा स्टील कर्मी कृष्ण कुमार ने अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं सूचना पाकर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और चारों शवों को स्थानीय लोगों की मदद से फंदे से उतारा। जिसके बाद पंचनामा कर सभी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले में मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा कृष्ण कुमार टाटा स्टील गम्हरिया प्लांट में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और उसे कैंसर की बीमारी भी थी। उन्होंने कहा कि बहु डौली देवी के कहने पर वे बेटे फ्लाइट से मुंबई कैंसर का इलाज कराने लेकर गए थे। जहां चिकित्सकों ने बताया कि कीमो थेरेपी करानी होगी और यह सुविधा जमशेदपुर में भी उपलब्ध है। जिसके बाद वे वापस फ्लाइट से बेटे को लेकर जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बेटे को कीमो लेने के लिए एडमिट होना पड़ता और इसके लिए उन्होंने कंपनी में आवेदन भी दिया था। मगर गुरुवार रात से ही बेटे का पूरा परिवार घर से बाहर ही नहीं निकला। जिसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। जानकारी पाकर शुक्रवार की देर रात्रि घर पर पुलिस पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर घुसी तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। एक-एक कर चार शव फंदे पर लटके हुए थे। जिसमें उनके 40 वर्षीय बेटे कृष्ण कुमार, 35 वर्षीय बहु डोली देवी, 11 वर्षीय पोती पूजा कुमारी उर्फ मैया और 6 वर्षीय पोती शामिल थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।