झामुमो, कांग्रेस और राजद ने लगातार झारखंड की भावनाओं से खेला : बाबूलाल मरांडी

गढ़वा : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी गुरुवार को 58वीं संकल्प सभा को भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर ऊटारी में संबोधित किया। उन्होंने आक्रामक अंदाज पर हेमंत सरकार को कटघरे में खड़ा किया। राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया तथा राज्य में ठप विकास कार्य, बेरोजगारी, खनिज संसाधन, जमीन बालू, अनाज की लूट, महिला उत्पीड़न को उजागर किया।

मरांडी ने कहा कि झामुमो कांग्रेस और राजद की तिकड़ी ने वर्षों से झारखंड की जनता और उनकी भावनाओं से खिलवाड़ किया। झारखंड आंदोलन को बेचा और खरीदा और जनता को दिग्भ्रमित कर जब सत्ता पाई तो राज्य के खनिज, जमीन, बालू पत्थर को लूटने की कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि आज राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। पिछले छह महीनों में 23 व्यापारियों की हत्या हुई है, जिसमें नौ ने तो पुलिस को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री एसआईटी गठित कर जिम्मेवार और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की जिम्मेवारी संभालने वाली पुलिस को आज मुख्यमंत्री ने वसूली में लगा दिया है। वे अपराधी को नहीं पकड़ते, केवल वसूली में लगे करते हैं। जब हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने तबसे इन्होंने राज्य के बालू घाटों को मुंबई, दिल्ली के दलालों के हाथों बेच दिया। राज्य के लोगों को घर बनाने का भी बालू महंगी कीमत पर मिल रहा जबकि भाजपा सरकार में राज्य के लोगों को अपने निर्माण के लिए बालू मुफ्त मिलता था।

उन्होंने कहा कि राज्य में जो भी विकास दिखता है वो सब भाजपा सरकार की देन है। चाहे बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा या रघुवर दास की सरकार रही, विकास के कार्य हुए। सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, हाईवे, अस्पताल, एम्स, एयरपोर्ट सब भाजपा सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से अब गांव के पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने के लिए 13 हजार करोड़ की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रशिक्षण, उपयोगी औजारों की किट और तीन लाख तक के लोन की व्यवस्था की गई है। साथ ही कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनते ही भवनाथपुर के तुलसीदामर माइंस को चालू कराया जाएगा। सिंचाई की सुविधा को सुनिश्चित किया जायेगा।

Related posts