बागबेड़ा वासियों की दशकों पुरानी मांग हुई पूरी

 

बड़ौदा घाट बॉक्स ब्रिज निर्माण कार्य का विधायक ने किया शिलान्यास, डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा फायदा

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में लिखी जा रही विकास की गाथा – संजीव सरदार

 

जमशेदपुर : बागबेड़ा वासियों की दशकों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो ही गई। शनिवार पथ निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत टाटानगर रेलवे स्टेशन से बड़ौदा घाट सड़क पर बॉक्स ब्रिज निर्माण कार्य का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। 4.69 करोड़ की लागत से बनने वाला यह 150 फीट लंबा पुल अगले 18 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से नया बस्ती, बाबा कुटी, रिवर व्यू कॉलोनी, रेलवे सोसायटी, बड़ौदा घाट, प्रधान टोला और रानीडीह के करीब डेढ़ लाख लोगों को फायदा मिलेगा। दो साल पहले से ही इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों का आवागमन बाधित था। जिससे अस्पताल और स्कूली वाहनों को आने जाने में काफी दिक्कतें हो रही थी। पुल बनने के बाद इन परेशानियों से अब जनता को निजात मिल जाएगा। इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह सिर्फ एक पुल नहीं, बल्कि जनता की वर्षों पुरानी उम्मीदों की पूर्ति है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विकासशील सोच और दृढ़ निश्चय से झारखंड में बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है। यह पुल न केवल लोगों की परेशानी दूर करेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास को भी रफ्तार देगा। उन्होंने बताया कि आज से एक वर्ष पूर्व तत्कालीन मंत्री बसंत सोरेन के समक्ष पुल निर्माण की मांग रखी गई थी। साथ ही झारखंड विधानसभा में भी इस मामले को उन्होंने उठाया था। सरकार की प्रतिबद्धता और जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देने के कारण अब यह कार्य धरातल पर उतर रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पोटका विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज हो रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिससे आमजन का जीवन सुगम हो सके। मौके पर पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, बहादूर किस्कु, मनोज नाहा, नितेश सरकार, मायावती टुडू, संतु कर्मकार समेत अन्य भी मौजूद थे।

Related posts