बिहार अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष पहुंचे शहर, कहा 2024 के चुनावों में मोदी की जुमलेवाज सरकार का अंत, इंडिया गठबंधन की जीत का बजेगा डंका

जमशेदपुर : बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रियाजुल हक उर्फ राजू बुधवार जमशेदपुर शहर पहुंचे। वे अपने निजी काम से यहां आए थे। वहीं बिस्टुपुर सर्किट हाउस स्थित परिसदन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आंनद बिहारी दूबे, महिला मोर्चा अध्यक्ष नलिनी सिन्हा और ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दिवेश राज उर्फ राजा बाबू ने आयोग के अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ देकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए उनका स्वागत भी किया। इस दौरान इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं ने भी परिसदन पहुंच उनको फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। वहीं मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत निश्चित होगी। भारत आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य आज प्रगति के मापदंडों को छू रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के सफल नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार युवाओं को दिए गए वादे के तहत उन्हें नौकरी दे रही है। जाति जनगणना जो देश के कई राज्यों में मांग हो रही है, उसे बिहार राज्य सरकार ने कर दिखाया है। जिसके बाद कई राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार की नीतियों से देश के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में इंडिया गठबंधन का भारत में डंका बजेगा और देश मे विकास की धारा बहेगी। भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के झूठे आश्वासन से जनता ऊब चुकी है। भारत को इंडिया गठबंधन ही विकास के पथ पर आगे लेकर चल सकता है। केन्द्र की जुमलेवाज सरकार को जनता 2024 के चुनाव में बाहर का रास्ता दिखाएगी। आगे उन्होंने कहा कि बिहार राज्य में अल्पसंख्यकों के लिए सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं। जिससे अल्पसंख्यकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत अन्य क्षेत्रों में लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। जबकि कांग्रेस नेता राजीव कुमार झा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन देश में एक नया आयाम प्रस्तुत करेगा और इसकी शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को सत्ता में आने से अब कोई भी रोक नहीं सकता। राहुल गांधी की संघर्ष का प्रतिफल 2024 के चुनाव में अवश्य देखने को मिलेगा। अगली सरकार दिल्ली में इंडिया गठबंधन की ही बनेगी।मौके पर कांग्रेस नेता राजीव कुमार झा, राजद युवा नेता शाजिद रजा समेत अन्य मौजूद थे।

Related posts