लौहनगरी जमशेदपुर में आज लगेगी विंटेज कारों की प्रदर्शनी, बाइक रैली की मेजबानी के लिए है तैयार

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में आज शनिवार बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में विंटेज और क्लासिक कारों की प्रदर्शनी लगेगी। इसके साथ ही बाइक रैली का शुभारंभ भी होगा। जिसमें 150 से अधिक गाड़ियां शहर के गौरवशाली अतीत और जीवंत वर्तमान के बीच से एक रोमांचक यात्रा के जरिये लोगों का उत्साह बढ़ाएंगे। इस दौरान पहले दिन 24 जनवरी को विंटेज कारों और बाइक को गोपाल मैदान में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक जनता के देखने के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं दूसरे दिन 25 फरवरी रविवार को मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा इसका निरीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही रविवार की सुबह 8:30 बजे रैली को औपचारिक रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। वहीं टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वीपी चाणक्य चौधरी फ्लैग-ऑफ समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इसी तरह पुरस्कार वितरण समारोह यूनाइटेड क्लब में आयोजित होगा। वहीं टाटा स्टील द्वारा संस्थापक दिवस समारोह के हिस्से के रूप में आयोजित किए जा रहे शो के दौरान प्रतिभागी संबंधित वाहनों से मेल खाते हुए परिधान भी पहनेंगे। यह आयोजन कालातीत सुंदरता, इंजनों की गड़गड़ाहट और शहर की स्थाई भावना का उत्सव है। इस साल की रैली की थीम ‘रेट्रो राइड्स एंड मॉडर्न वाइब्स’ है। इस रैली में झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पंजाब से आने वाले 100 से अधिक लोग भाग लेंगे। लगभग 70 विंटेज और क्लासिक कारें के अलावा 100 बाइक प्रदर्शित की जाएंगी। रैली में साल 1920 से लेकर 1985 तक की विंटेज और क्लासिक कारें और बाइक हिस्सा ले रही हैं। रैली शहर के प्रमुख स्थलों जैसे रीगल सर्कल, भरूचा मेंशन, केएस लिंक रोड, मरीन ड्राइव, जुबली पार्क आदि से गुजरते हुए लगभग 23 किमी का मार्ग तय कर यूनाइटेड क्लब में आकर समाप्त होगी।

Related posts