मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची में करेंगे ध्वजारोहण, सारी तैयारियां पूरी, स्वतंत्रता दिवस पर मोरहाबादी में  ड्रोन कैमरा से रखी जायेगा निगरानी

रांची: स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में होनेवाले राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री के ध्वजारोहण की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री परेड की सलामी लेंगे। मैदान के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मैदान में वाटरप्रुफ पंडाल का निर्माण भी किया गया है।

झंडोत्तोलन और परेड की सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री आम लोगों को संबोधित करेंगे।

वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार के मंत्री अपने-अपने जिला मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगे। मंत्री चंपाई सोरेन सरायकेला और डॉ. रामेश्वर उरांव लोहरदगा, सत्यानंद भोक्ता चतरा, बैजनाथ राम लातेहार, दीपक बिरूआ चाईबासा, बन्ना गुप्ता जमशेदपुर, इरफान अंसारी जामताड़ा, बेबी देवी बोकारो, दीपिका पांडेय सिंह गोड्डा, हफीजुल हसन देवघर और मिथिलेश ठाकुर गढ़वा में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

सुरक्षा में आठ डीएसपी, इंस्पेक्टर सहित 1000 जवानों की रहेगी तैनाती

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी रांची में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह मोरहाबादी में आयोजित की जायेगी। सुरक्षा के लिए पूरे समारोह स्थल पर छह ड्रोन कैमरा से निगरानी रखी जायेगी। समारोह में कई वीवीआइपी की उपस्थिति होगी।  इसे देखते हुए एसएसपी चंदन सिन्हा ने आठ डीएसपी, 24 से अधिक इंस्पेक्टर सहित 1000 जवानों की तैनाती समारोह स्थल पर की है। 1000 जवानों में रेपिड एक्सन पुलिस, इको, जैप, जैप महिला बटालियन, आइआइआरबी, ब्रज वाहन, वाटर कैनन, टीयर गैस, फायर ब्रिगेड आदि की तैनाती की गयी है। सुरक्षा को देखते हुए दो दिन पहले से ही देर रात पूरे जिला में होटलों की तलाशी की जा रही है। इसके अलावा वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। सभी थाना क्षेत्र में विशेष चौकसी बरतने का आदेश थाना प्रभारियों को दिया गया है। सभी थाना प्रभारी अतिसंवेदनशील क्षेत्र में विशेष चौकसी बरत रहे हैं और वहां विशेष रूप से सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया है। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता और कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Related posts