लोजपा कार्यालय की आड़ में चल रहा था काम, टाटा स्टील ने रुकवाया, निमार्ण सामग्री हटवाया, दी हिदायत 

 

जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत एमजीएम अस्पताल के पास स्थित लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यालय की आड़ में अतिक्रमणकारी बबलू प्रसाद डांगी टाटा स्टील की जमीन पर शनिवार की दोपहर अवैध रूप से निमार्ण कार्य करवा रहा था। जिसकी सूचना पाकर टाटा स्टील के अधिकारी सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद चल रहे निर्माण कार्य को बंद करवा दिया। साथ ही निमार्ण सामग्री को भी हटवा दिया। इस दौरान बबलू प्रसाद डांगी ने इसका विरोध भी किया। मगर पुलिस बल के चलते उसकी एक ना चली। वहीं जाते जाते टाटा स्टील के अधिकारियों ने निमार्ण न करने की चेतावनी भी दी। बताते चलें कि बबलू प्रसाद डांगी ने इसी साल समता पार्टी के टिकट पर जमशेदपुर संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इधर बीते 20 जून को उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी का दामन थाम लिया था। जिसके बाद से पार्टी का कार्यालय बनाने की आड़ में अवैध रूप से निमार्ण कार्य शुरू कर दिया था। साथ ही खुद का बैनर भी उन्होंने विवादित स्थल पर लगा रखा है। इससे पूर्व भी टाटा स्टील ने उक्त स्थल से अवैध अतिक्रमण को हटाया था। इस जमीन पर जेपीएलई केस भी चल रहा है। बावजूद इसके बबलू प्रसाद डांगी द्वारा निमार्ण कार्य कराए जाने पर टाटा स्टील ने उक्त कारवाई की है।

Related posts