सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर एफसीआई के 179 मजदूरों का स्थानांतरण करने का उठाया मामला

जमशेदपुर : सांसद विद्युत वरण महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे से मुलाकात कर एफसीआई के 179 मजदूरों का मनमानी ढंग से जमशेदपुर से स्थानांतरण करने का मामला उठाया है। इस दौरान उन्होंने पत्र लिखकर उनसे कहा कि इन मजदूरों को भारतीय खाद्य निगम प्रबंधन द्वारा मनमानी तरीके से जमशेदपुर से जसीडीह और धनबाद में स्थानांतरण कर दिया गया है। वहीं इनमें से कई मजदूर यहां पर लंबे समय से अपनी सेवा दे रहे थे। साथ ही बहुत सारे मजदूर अवकाश प्राप्त करने की स्थिति में है। उन्होंने पत्र के माध्यम से यह भी बताया कि इन मजदूरों को हटाकर अब उनके स्थान पर ठेका मजदूरों से काम लिया जा रहा है। इस प्रकार भारतीय खाद्य निगम जहां एक ओर अपने स्थाई कर्मचारियों को वेतन का भुगतान कर रही है। वहीं दूसरी ओर ठेका श्रमिकों को भी पारिश्रमिक दे रही है। जिससे भारत सरकार को राजस्व की क्षति भी हो रही है।
बताते चलें कि भारतीय खाद्य निगम के खाद्य संग्रह विभाग भंडार जमशेदपुर के 179 मजदूर जिसमें सरदार, मंडल, हथालन श्रमिक एवं सहायक श्रमिक भी शामिल है, का स्थानांतरण मनमानी तरीके से किया गया है। वहीं उनके स्थानांतरण में श्रम नियमावली का पूरी तरह से अनदेखी भी की गई है। उन्होंने मंत्री से मामले को संज्ञान में लेते हुए उनके स्थानांतरण आदेश को अविलंब रद्द करने की मांग भी की है। साथ ही मामले की जांच कर जिम्मेवार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की है।

Related posts