अलग-अलग हादसों में महिला समेत पांच की मौत

मेदिनीनगर : पलामू जिले में गुरुवार को ग्रामीण चिकित्सक समेत पांच लोगों की मौत हो गयी। सड़क हादसे में तीन की मौत हुई, वही महिला समेत दो लोगों का पानी से शव बरामद किया गया। ग्रामीण चिकित्सा की मौत के बाद सड़क जाम कर दिया गया था। कई घंटे तक छतरपुर -पांडू मुख्य मार्ग जाम रहा। पिपरा, तरहसी और छतरपुर में सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें एक एक की मौत हुई है। छतरपुर एवं पाटन में पानी से शव बरामद हुआ है।पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के एनएच 139 शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी, सुल्तानी के समीप बाइक दुर्घटना में धर्मेंद्र कुमार (25वर्ष) नामक युवक की मौत हो गयी, जबकि प्रियांशु राज (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे की बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार छतरपुर की ओर से आ रहे थे। जैसे ही शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी सुल्तानी के समय पहुंचे कि सड़क किनारे खड़े हाईवे से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गयी। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से हरिहरगंज सीएचसी में भेजा। जहां धर्मेंद्र को मृत पाया गया, जबकि प्रियांशु का इलाज चल रहा है। घायल युवक बेहोश बताया गया है। हालांकि बाद में उसे औरंगाबाद रेफर कर दिया गया।सूचना मिलने के बाद पिपरा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया। मामले की छानबीन की जा रही है। युवक के पास से जो समान मिले हैं, उसे संभावना व्यक्त की गयी है कि वह किसी कंपनी के लिए काम करते होंगे। मृतक बिहार के जहानाबाद जिले के देवकुंडा थाना क्षेत्र के दुलार विगहा गांव के रहने वाले चंददेव सिंह का पुत्र था, जबकि घायल इसी जिला अंतर्गत मुरहारा गांव निवासी संजय यादव का पुत्र बताया गया है।

बंद पड़ी माइंस के पानी से मिली महिला की लाश

छत्तरपुर थाना क्षेत्र के दंडटूटा में बंद पड़ी माइंस में तैरता हुआ एक महिला का शव बरामद किया गया। शव की पहचान दंडटूटा निवासी गणेश यादव की पत्नी रजमनिया देवी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को निकालकर कब्जे में ले लिया है। मृतका के पति ने बताया कि तीन दिन पहले रजमनिया शाम को घर से निकली थी। उसके बाद रात्रि में भी घर वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली। उसके बाद इसकी लिखित शिकायत छत्तरपुर थाना में 29 जुलाई को दर्ज करायी। गुरूवार दोपहर में सूचना मिली कि माइंस में एक महिला का शव तैरता दिख रहा है। गांव वाले माइंस के पहुँचे तो देखा कि हमारी पत्नी है। महिला की दिमागी हालत भी ठीक नहीं थी।

ग्रामीण चिकित्सक की अज्ञात वाहन के धक्के से मौत

छतरपुर-पांडू मुख्य पथ पर रूद गांव में अज्ञात वाहन के धक्के से ग्रामीण चिकित्सक सीताराम राम (45 वर्ष) की मौत हो गयी। सीताराम अपनी बाइक से छतरपुर बाजार आ रहे थे कि रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सीताराम छतरपुर के जोगियालेवा के रहने वाले थे एवं गांव में ही चिकित्सा सेवा से जुड़े थे। घटना दोपहर 2 बजे की है। घटना के बाद ग्रामीण शव के साथ छतरपुर-पांडू मुख्य पथ को जाम कर दिया गया है।

दो पहिया वाहन के धक्के से बुजुर्ग की मौत

तरहसी थाना क्षेत्र के गुरहा निवासी मोहम्मद हफीज खान (65) पिता मारूफ खान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। मोहम्मद हफीज साप्ताहिक हाट बाजार करने गए थे। इसी क्रम में दो पहिया वाहन से उन्हें धक्का लगा। उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, जहां से उन्हें एमआरएमसीएच रेफर किया गया और वहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गयी।

चेकडैम में डूब रहे बच्चों को बचाने में युवक की मौत

पाटन प्रखंड के गम्हैता गांव से सटे जुड़वाखाड़ चैक डैम में डूब रहे दो बच्चों को बचाने में एक युवक की डूबने से मौत हो गयी। युवक की पहचान 18 वर्षीया उमेश भुइयां पिता गिरजा भुइयां के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक टीम के साथ पांकी के जिला पार्षद संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे एवं घटना की जानकारी ली।

Related posts