भारत में शानदार है हैंड शैडो ग्राफी का फ्यूचर – अमर सेन

 प्रख्यात हैंड शैडोग्राफर अमर सेन से खास बातचीत

जमशेदपुर : भारत के दिग्गज हैंड शैडोग्राफर अमर सेन का मानना है कि अगर आप लगातार अभ्यास करेंगे तो हर मुश्किल आसान हो जाएगी। वे मानते हैं कि आने वाले दिनों में हैंड शैडो ग्राफी का भविष्य देश में बहुत ही उज्जवल है। साथ ही कहा कि 50 साल पहले जब उन्होंने इस विधा पर काम करना शुरू किया था तब इसको जानने और मानने वाले लोगों की संख्या बेहद कम थी। मगर अब वह दौर नहीं रहा। अब लोग हैंड शैडो ग्राफी को देखकर हौसला अफजाई करते हैं। वहीं एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे रविंद्र संगीत सुनना बेहद पसंद करते हैं। लेकिन सिर्फ रविंद्र संगीत ही नहीं बल्कि वे वेस्टर्न म्यूजिक, बॉलीवुड म्यूजिक के साथ साथ हर तरह के संगीत को सुनना पसंद करते हैं। वे मानते हैं कि उनके विद्यार्थियों ने इस क्षेत्र में काफी काम किया है और आने वाले दिनों में वही इसको आगे तक लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि मूक यानी बिना आवाज के हैंड शैडो ग्राफी रामायण काल के पहले से चली आ रही है। 1000 से ज्यादा साल पहले चीन में इसके रूप को थोड़ा सा बदलकर लोगों के सामने पेश किया गया था। मगर वह भी बिना आवाज के ही था। उन्होंने दावा किया कि भारत में आवाज के साथ हैंड शैडो ग्राफी उन्होंने ही शुरू की। वे मानते हैं कि लोगों के अंदर धीरे-धीरे इसको लेकर आकर्षण बढ़ा है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर आपको यंग और स्मार्ट दिखना है तो दूसरों के प्रति जलन का भाव हर्गिज न रखें और आप क्रोध छोड़कर सदैव मुस्कुराते रहें।

Related posts