बिस्टुपुर गोपाल मैदान में इंडी गठबंधन का हुआ महाजुटान, केजरीवाल से लेकर कल्पना सोरेन तक ने प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना

जमशेदपुर : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 25 मई को जमशेदपुर संसदीय सीट पर चुनाव होना है। जिसको लेकर मंगलवार इंडी गठबंधन के नेताओ का जमावड़ा शहर क बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित चुनावी सभा में देखने को मिला। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से लेकर कल्पना सोरेन तक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना भी साधा। वहीं अरविंद केजरीवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने झारखंड और दिल्ली सरकार को तोड़ने के लिए ईडी के सहारे मुख्यमंत्री को जेल भेजवा दिया। साथ ही पार्टी को भाजपा में मिलाने की कोशिश भी की। मगर इसमें वे सफल न हो सके। बल्कि दोनों पार्टियां और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुंडागर्दी कर बिना कोई कारण के हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया और आगे चलकर वे मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को भी जेल में डाल सकते हैं। झारखंड का बच्चा-बच्चा हेमंत सोरेन से प्यार करता है और उन्हें मालूम है कि उन पर क्या गुजर रही है। उन्हें राजनीतिक षड्यंत्र के तहत जेल भेजा गया है। जिसके बाद पत्नी कल्पना सोरेन ने राजनीति में कदम रखा और अब वे झांसी की रानी बन गई है। साथ ही वे प्रधानमंत्री को चुनौती भी दे रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी और उनके आरक्षण को बचाने के लिए हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को उखाड़ फेंकना है। यह बताने वे सीधे तिहाड़ जेल से जनता के बीच में आए हैं। उन्होंने जनता से इंडी गठबंधन प्रत्याशी समीर महंती को लोकसभा चुनाव में भारी मतों से विजई बनाने का आह्वान भी किया। आगे उन्होंने कहा कि अब तक हेमंत सोरेन को दोषी करार नहीं दिया गया है तो फिर उन्हें जेल में क्यों डाला गया। अभी सिर्फ जांच चल रही है तो फिर वे जेल में क्यों बंद है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुंडागर्दी है। किसी भी अदालत में मेरे खिलाफ आदेश नहीं दिया। फिर भी मुझे जेल में डाल दिया गया और आगे भी वे किसी को भी जेल में डाल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी 400 पार का नारा इसलिए दे रहे हैं। ताकि वे एसटी, एससी और ओबीसी का आरक्षण समाप्त कर सके। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन झारखंड की 14 में से 14 सीटें जीतेंगी। दिल्ली की ढाई करोड़ जनता हेमंत सोरेन की आभारी है। क्योंकि कोरोना काल के समय उन्होंने ऑक्सीजन को दिल्ली पहुंचाया था और जिससे कई लोगों की जान भी बच गई थी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार आदिवासियों से नफरत करती है। अगर वे तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो आरक्षण को खत्म कर देंगे। जिसके लिए आम जनता को आगे आना होगा। आरक्षण और संविधान को बचाना है तो हर हाल में भाजपा के खिलाफ वोट करना होगा। देश की जनता प्रधानमंत्री से नाराज है और आगामी 4 जून को जनता नरेंद्र मोदी को उखाड़ फेंकेगी। वहीं मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमीनी मामले के नाम पर जेल में डाल दिया है। झारखंड राज्य खनिज और संपदा से भरपूर है। हमलोगों से यहां काम करवाया जाता है। परंतु इसका लाभ यहां के आदिवासियों को नहीं मिलता। भाजपा ने यहां ठेकेदारी प्रथा को बढ़ाया है और स्थाई नौकरी को खत्म कर दिया है। इसी तरह उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन आएगी तो स्थाई नौकरी देगी और निजीकरण को बंद करेगी। इस दौरान हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने बताया कि हेमंत को इसलिए जेल में डाला गया ताकि वह चुनाव प्रचार न कर सके। पार्टी को तोड़ा जा सके। लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सकते हैं। मौके पर इंडी प्रत्याशी समीर महंती, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, आप नेता संजय सिंह, झामुमो नेता सुप्रिया भट्टाचार्य, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार समेत अन्य भी मौजूद थे।

Related posts