जमशेदपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह के 6 सदस्यों को किया गिरफ्तार, 53 किलो गांजा बरामद

जमशेदपुर : जिले की पुलिस को एक बार फिर से बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिसके तहत पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिसमें बिहार वैशाली जिला निवासी राजीव कुमार यादव, वेस्ट चंपारण का रहने वाला सुनील कुमार बैठा, बेतिया निवासी राज कुमार बिंद, पटना निवासी सुमित कुमार, गौरव कुमार और राजेश कुमार शामिल है। इनके पास से पुलिस ने 53 किलो गांजा भी बरामद किया है। जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले का खुलासा बुधवार पुलिस ऑफिस में एसपी सिटी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेसवार्ता कर किया। मौके पर डीएसपी वन भोला प्रसाद सिंह भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के सदस्य गांजा लेकर ओडिशा से मानगो बस स्टैंड पहुंचने वाले हैं। जिसके बाद बस के माध्यम से गांजा को बिहार ले जाने की तैयारी है। वहीं उक्त जानकारी एसएसपी किशोर कौशल को देने के बाद उनके निर्देश पर डीएसपी वन के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। साथ ही सीतारामडेरा और मानगो थाने की पुलिस का सहयोग भी लिया गया। गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानगो बस स्टैंड से राजीव कुमार यादव नामक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। साथ ही तलाशी लेने पर उसके पास से 7 किलो गांजा भी बरामद किया। जिसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई। जहां उसने पूछताछ में बताया कि उसके पांच साथी बिहार के बेतिया जाने वाले बस में बैठकर अवैध गांजा के साथ अभी-अभी निकले हैं। जिसपर पुलिस टीम ने उक्त बस का पीछा कर एनच 33 पर पकड़ा। इस दौरान बस से उनके पांच साथियों को 46 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि सभी आरोपी ओडीशा से गांजा खरीदकर बिहार ले जाने की तैयारी में थे। साथ ही उन्होंने इसे एक बड़ी कामयाबी बताई है। बताते चलें कि इससे पूर्व मंगलवार को पुलिस ने कदमा थाना अंतर्गत रामजनम नगर काली मंदिर रोड में छापेमारी कर 20 किलो गांजा बरामद किया था। साथ ही विकलांग आरोपी समीर कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। टीम में डीएसपी के अलावा साकची थाना प्रभारी संजय कुमार, सीतारामडेरा थाना के एसआई अभिनव कुमार, सूरज प्रसाद, राजेश कुमार, अक्षय कुमार व युवराज कुमार, मानगो थाना के एसआई विवेक पंडित व महेंद्र कुमार, साकची थाना के एसआई निरज कुमार गुप्ता, आरक्षी 1971 संतोष कुमार, 2128 राहुल कुमार और आरक्षी चालक 78 करमचांद महतो शामिल थे।

Related posts