चाईबासा में 15 नक्सलियों ने पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण

 1 करोड़ के ईनामी मिसिर बेसरा और अनल दा को लगा झटका

जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम चाईबासा में गुरुवार एक साथ 15 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। जिसमें से एक नक्सली नाबालिग, जबकि दो महिलाएं है। वहीं इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों के आत्मसमर्पण करने से 1 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा उर्फ सागर जी और पतिराम मांझी उर्फ अनल दा को बड़ा झटका भी लगा है। बताया जा रहा है कि सरेंडर करने वाले सभी नक्सली सक्रिय होने के साथ-साथ मारक दस्त के सदस्य भी थे। ये सभी नक्सली कोल्हान समेत सारंडा के सुदूर जंगली पहाड़ी क्षेत्रों के चप्पे-चप्पे की जानकारी भी रखते थे। इनसे पूछताछ कर राज्य की पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता भी मिल सकती है। इस दौरान पुलिस ने सभी को माला पहनाकर उन्हें मुख्य धारा से जुड़ने पर बधाई भी दी। बताते चलें कि पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत सारंडा क्षेत्र में विगत कुछ वर्षों से प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो का संचालन केंद्रीय समिति सदस्य मिसिर बेसरा, पातीराम मांझी उर्फ अनल, असीम मंडल, सुशांत उर्फ अनमोल, मेहनत उर्फ मोछु, अजय महतो उर्फ बुधराम, पिंटू लोहार, अश्विन, कांडे होनहागा और सांगेन अंगरिया के द्वारा किया जा रहा है। विगत वर्षों में इन्होंने क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम भी दिया है। वहीं इनके विरुद्ध झारखंड पुलिस, जगुआर, कोबरा और सीआरपीएफ बल द्वारा लगातार अभियान भी चलाया जा रहा है। जबकि पश्चिम सिंहभूम चाईबासा जिले में 2022 से लगातार अभियान चलाकर पुलिस ने अब तक 161 नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा है। इसी तरह वर्ष 2022-23 में कुल 11 नक्सलियों को पुलिस ने आत्मसमर्पण भी करवाया है। साथ ही पुलिस ने 375 विस्फोटक, हथियार, कारतूस समेत अन्य दैनिक उपयोग के समान को भी जब्त किया है। सिर्फ इतना ही नहीं, नक्सलियों के स्थाई कैंप मुख्यालय, 8 से 10 अस्थाई कैंप और 15 बंकर को भी ध्वस्त किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में प्रधान कोड़ा उर्फ देवेन कोड़ा, चंद्रमोहन उर्फ चंद्रो अंगरिया उर्फ रौशन, पगला गोप उर्फ घासी राम गोप, विजय बोयपाई उर्फ अमन बोयपाई, गंगाराम पूर्ति उर्फ मोटका पूर्ति, बोयो कोड़ा, जोदेन कोड़ा, पेलोंग कोड़ा उर्फ नीशा कोड़ा, सोनू चंपिया, रामजा पूर्ति उर्फ डुगूद पूर्ति, सोहन सिंह हेंब्रम उर्फ सीनु, डोरन चंपिया उर्फ गोलमाय, सुशील उर्फ मोगा चंपिया और मनी चंपिया शामिल है।

Related posts