श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ हुआ प्रारंभ”

कलश यात्रा में सड़कों पर उमड़ आया पीला समंदर, 31 ब्राह्मणों ने जलयात्रा के साथ ही पंचांग पूजन

– विधायक सरयू राय थे प्रमुख यजमान

 

जमशेदपुर : गोलमुरी केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ बुधवार से हुआ। जिसके पहले दिन हजारों महिलाओं ने कलश यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान विधि विधान से कलश स्थापित किया गया। जिसके बाद यात्रा में मौजूद हजारों महिला भक्तों ने प्रभु प्रसाद भी ग्रहण किया। वहीं जलयात्रा के साथ-साथ पंचांग पूजन, ब्राह्मण वरण, मंडप प्रवेश, वेदी निर्माण और जलाधिवास भी संपन्न कराया गया। जबकि गुरुवार को देवताओं का आवाहन पूजन, पाठ, जप, धन्नाधिवास, धृताधिवास, गन्धाधिवास और धूपाधिवास का कार्यक्रम होगा। आज सुबह 6 बजे से ही महिला श्रद्धालु श्री लक्ष्मी-नारायण परिसर में जुटना शुरू हो गई थीं। जहां से उन्हें बसों में बिठाकर सोनारी दोमुहानी नदी घाट पर ले जाया गया। यहां सबसे पहले गौरी-गणेश जी का पूजन हुआ। इसके बाद वरुण पूजन, जलमात्रिका, स्थल मात्रिका, जीव मात्रिका और उड़द-दही की बलि दी गई। इस अवसर पर प्रमुख यजमान विधायक सरयू राय उपस्थित होकर संकल्प किया। उनके साथ कई अन्य लोगों ने भी संकल्प किया। साथ ही नदी तट पर 31 ब्राह्मणों ने पूजन विधि संपन्न कराई। जिसके बाद सारे लोग मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर में पंचांग पूजन, ब्राह्मण वरण, मंडप प्रवेश, वेदी निर्माण और जलाधिवास भी संपन्न कराया गया। कलश यात्रा में हजारों की संख्या में सड़कों पर उमड़ी महिलाओं ने अनुशासन का पालन भी किया। यात्रा में सभी पंक्तिबद्ध थीं। आयोजक भी माइक से उन्हें लगातार पंक्तिबद्ध होकर चलने का निर्देश दे रहे थे। किसी ने अनुसासन तोड़ने की कोशिश नहीं की। यात्रा में अधिकांश महिलाओं ने पीले रंग का वस्त्र धारण किया था। वहीं कुछेक ने लाल साड़ी भी पहन रखी थी। ये जब कतारबद्ध होकर पीले वस्त्रों में चल रही थीं तो देखने वाले टकटकी लगाए इनके अनुशासन की तारीफ करने लगते थे। सबके श्रीमुख से श्री नारायण…नारायण के बोल प्रस्फुटित हो रहे थे। एक अद्भुत छटा बिखर रही थी। लग रहा था मानो सड़क पर पीला समंदर उमड़ पड़ा हो। साथ में चल रहे डीजे से भी भक्तिभाव के भजन बज रहे थे।

Related posts