अमरनाथ सिंह गिरोह के टोनी की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद की बात आई सामने, पुलिस जांच में जुटी 

 

जमशेदपुर: बीते रात्रि उलीडीह थाना अंतर्गत उमा टिफिन के पास अपराधियों ने मृतक अमरनाथ सिंह गिरोह के सदस्य टोनी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को दो बाइक पर सवार होकर आए छह अपराधियों ने अंजाम दिया है। इससे पहले कार से रेकी भी की गई थी। जिसके बाद ही इसे अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि गोली लगने से टोनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी विष्णु टुडू घायल हो गया। घटना के बाद टोनी को इलाज के लिए तामोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं विष्णु को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया। उसके पैर में गोली लगी है। वहीं घटना की जानकारी देते हुए विष्णु ने बताया कि वह टोनी और गौरव के साथ कार में बैठकर शराब पी रहा था। इसी बीच उत्तम मौके पर पहुंचा और हाथापाई करने लगा। हालांकि सभी ने मिलकर उत्तम को वहां से भगा दिया। मगर थोड़ी देर बाद उत्तम, अविनाश और नीतीश के साथ आया। इस दौरान अविनाश ने बहस करते हुए अपने पास से हथियार निकाला और फायरिंग कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के क्रम में तीन खोखा और उत्तम की कार भी बरामद की है। जिसके बाद पुलिस कार को थाने ले गई। शनिवार पंचनामा कर पुलिस ने टोनी के शव को पोस्टमार्टम के लिया भेज दिया है। बताते चलें कि टोनी पूर्व में कई बार आपराधिक मामले में जेल जा चुका है। अप्रैल 2023 में वह आखिरी बार जवाहर नगर रोड नंबर 14 में फायरिंग करने के मामले में जेल गया था। इसी तरह नवंबर 2023 में जेल से बाहर आने के बाद वह जमीन के कारोबार से जुड़ गया। उसका उत्तम के साथ जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। संभवतः इसी के कारण घटना घटी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Related posts