नक्सलियों ने मुखबिरी के आरोप में की पूर्व उप प्रमुख की हत्या, पर्चा छोड़कर ली जिम्मेदारी

जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित गुदड़ी थाना अंतर्गत रायगढ़ा में पीएलएफआई नक्सली उग्रवादी संगठन के भाकपा माओवादियों ने उप प्रमुख कमल पूर्ति की पुलिस मुखबिरी के आरोप में गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं हत्या करने के बाद नक्सलियों ने घटनास्थल पर पर्चा छोड़कर इसकी जिम्मेदारी भी ली है। घटना बीते सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। मगर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुलिस को घटना की सूचना सोमवार देर शाम को मिली। जिसके बाद मंगलवार की सुबह पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने पूर्व उप प्रमुख कमल पूर्ति को पुलिस मुखबिर (एसपीओ) बताया है। वहीं घटनास्थल पूर्व उपप्रमुख के गांव रायगाड़ा से करीब आधा किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। वहीं भारी सुरक्षा के बीच गुदड़ी और सोनुवा थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। बताते चलें कि इससे पूर्व भी भाकपा माओवादियों ने पूर्व उपप्रमुख कमल पुर्ति पर दो बार जानलेवा हमला किया था। जिसमें वे बाल बाल बच गए थे। जिसके बाद से वे गांव छोड़कर सोनुवा में रह रहे थे। जबकि सोमवार नक्सलियों को उनके गांव आने की सूचना मिली। जिसके बाद नक्सली गांव पहुंचे और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts