रंजीत सरदार हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी गणेश सिंह के घर में पुलिस ने चस्पाया इस्तेहार

– न्यायालय में हाजिर नहीं होने पर होगी घर की कुर्की जब्ती

जमशेदपुर : विगत दिनों टेल्को थाना अंतर्गत सबुज कल्याण संघ के पास हुए रंजीत सरदार हत्याकांड मामले में फरार चल रहे आरोपी मानगो डिमना रोड निरंजन सिंह कांप्लेक्स निवासी गणेश सिंह के घर समेत आस-पास में रविवार को न्यायालय के आदेश का तामिला करते हुए पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान पुलिस ढोल-नगाड़ों के साथ मौके पर पहुंचकर इस्तेहार चस्पा किया। मौके पर सुरक्षा की दृष्टि से क्यूआरटी को भी तैनात किया गया था। जबकि पूर्व में जमशेदपुर न्यायालय से गणेश सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी हुआ था। मगर फरार होने के कारण उसकी गिरफ्तारी न हो सकी। जिसके बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक कुमार की अदालत ने उसके विरुद्ध इस्तेहार जारी किया था। बताया जा रहा है कि इश्तेहार चस्पा करने के एक माह के अंदर अगर गणेश सिंह न्यायालय में प्रस्तुत न हुआ तो पुलिस कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी करेगी। वहीं बीते गुरुवार की देर रात्रि पुलिस ने गणेश सिंह के घर छापेमारी भी की थी। मगर वह मौजूद नहीं था। बताते चलें कि बीते साल दुर्गा पूजा के समय गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी रंजीत सरदार की टेल्को थाना अंतर्गत सबुज कल्याण संघ के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह बेटी के साथ घुमने गया था। तभी यह घटना घटी। वहीं मामले में गणेश सिंह को नामजद आरोपी भी बनाया गया था। जिसमें वह फरार चल रहा है।

Related posts