पोटका पुलिस ने महिला के हत्यारे को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त गमछा बरामद

जमशेदपुर : बीते 2 अक्टूबर की रात्रि लगभग 9 बजे पोटका थाना अंतर्गत नेतोसाई गांव के लोगों ने पुलिस को एक महिला के हत्या होने की सूचना दी। वहीं घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को देते हुए पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक महिला का शव पलंग के ऊपर पड़ा हुआ है और उसके गले पर जख्म के निशान भी है। इस दौरान पुलिस ने मृत महिला की पहचान पोटका चेमाईजुड़ी घिरौल निवासी 35 वर्षीय साकरो मुर्मू के रूप में की।

साथ ही पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं 3 अक्टूबर को मृत महिला के पति सूरज मांझी के लिखित शिकायत पर पुलिस ने पोटका जाहातु गांव निवासी हारेन मांझी के विरुद्ध हत्या के मामले में नामजद प्राथमिकी भी दर्ज की। जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी द्वारा मुसाबनी डीएसपी के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने अनुसंधान के क्रम में आरोपी हारेन मांझी को जाहता गांव में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गमछा और मोबाइल भी बरामद किया।

थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी हारेन मांझी ने बताया कि मृत महिला साकरो मुर्मू के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। मगर घटना के दिन दोनों के बीच विवाद हो गया। जिसके कारण गुस्से में आकर उसने गमछा से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गुरुवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। टीम में मुसाबनी डीएसपी चंद्रशेखर आजाद, जादूगोड़ा अंचल इंस्पेक्टर इंद्रदेव राम, पोटका थाना प्रभारी एसआई विनोद टुडू, एसआई सुनील कुमार राम, जुगेश सिंह, एएसआई बाबूजन बास्के, आरक्षी 1362 प्रदीप तियु और 2425 चंद्रदेव पासवान शामिल थे।

Related posts