जमशेदपुर : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। बावजूद इसके आरोपी छिनतई की घटना को लगातार अंजाम दे रहे हैं। जबकि बीते एक हफ्ते में गोलमुरी और सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में छिनतई की घटनाएं भी बढ़ गई है। इसी क्रम में गुरुवार की सुबह लगभग 5:30 बजे सिदगोड़ा थाना अंतर्गत शिव सिंह बगान के पास टहलने निकली व्यासदेव तिवारी की पत्नी के गले से आरोपी ने सोने के चेन की छिनतई कर ली। वहीं भुक्तभोगी व्यासदेव तिवारी ने बताया कि सुबह पत्नी टहलने के बाद वापस घर लौट रही थी। इसी बीच एक आरोपी पैदल आया और पत्नी के गले से चेन छिनकर पास में बाइक लेकर खड़े साथी के साथ फरार हो गया। वहीं घटना के बाद उन्होंने थाना प्रभारी के साथ साथ पुलिस को फोन पर सूचना देने का प्रयास भी किया। मगर किसी ने भी फोन नहीं उठाया। वहीं छिनतई की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। जिसमें आरोपी का चेहरा भी दिखाई पड़ रहा है। जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।
सिदगोड़ा में टहलने निकली वृद्धा से आरोपी ने छीनी सोने की चेन, सीसीटीवी कैमरे में घटना हुई कैद
