– पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी, शहर में लगातार हो रही छिनतई
जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत सिग्नल लाइट दुर्गापूजा मैदान के पास शनिवार की सुबह लगभग 8:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के गले से सोने की चेन छिनतई कर फरार हो गये। जिसके बाद भुक्तभोगी महिला संजना झा ने मामले की शिकायत थाने में जाकर की। घटना में महिला ने बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार एक बदमाश उनकी रेकी कर रहा था। इसी बीच पीछे से एक बाइक आयी और उनसे कुछ दूर पर आकर रुकी। तभी बाइक सवार बदमाश पैदल उनकी ओर आया और झपट्टा मारकर गले से चेन छीना और अपने साथी के साथ बाइक में बैठकर फरार हो गया। वहीं सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच भी की। महिला ने बताया कि सोने की चेन की कीमत करीब 50 हजार रुपए थी। जबकि स्थानीय के द्वारा बताया गया कि 15 दिन के अंदर दूसरी बार चेन छिनतई की घटना घटी है। इससे पहले भी सिदगोड़ा दुर्गा पूजा मैदान के पास ही महिला की चेन छिनतई हुई थी। बताते चलें कि शहर में लगातार चेन छिनतई की घटना घट रही है। मगर पुलिस के हाथ आरोपियों तक नहीं पहुंच रहे है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।