भाकपा माओवादी के तीन नक्सली हथियार के साथ गिरफ्तार

चाईबासा: झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा ) के कोल्हान जंगली क्षेत्र में भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के खिलाफ सफलता मिली है।

तीन नक्सलियों की गिरफ्तारी के साथ हथियार, गोली का जखीरा एवं भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। एसपी आशुतोष शेखर ने रविवार को बताया कि आठ बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल भाकपा माओवादी संगठन के तीन नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गोईलकेरा थाना के रेला पराल, रायरोवा के गांव आस-पास जंगली क्षेत्र में भाकपा माओवादी का एक दस्ता भ्रमणशील है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने रेला पराल और रायरीवा गांव के पास पंचलताबुरू जंगल क्षेत्र में भ्रमणशील नक्सली दस्ता के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सलियों में रोहित पदम, यूलीप जोजो और बासु बाहंदा शामिल हैं।

गिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर एक 303 राइफल, भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री नक्सल डम्प से बरामद किया गया। बरामद विस्फोटकों को सुरक्षा की दृष्टिकोण से उसी स्थान पर बम निरोधक दस्ता की मदद से डिफ्यूज कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि कोल्हान के जंगल में मिसिर बेसरा, अनमोल, अश्विन अपने दस्ते सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है। इसको लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Related posts