– राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर, सम्मान में उमड़ा जनसैलाब
जमशेदपुर : भारतीय सेना की पराक्रम और केन्द्र सरकार के दृढ़ नेतृत्व में संपन्न ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता का जश्न गुरुवार शहर में पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर और पूर्वी सिंहभूम ग्रामीण के संयुक्त समर्थन से नागरिक मंच के बैनर तले एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।जिसका शुभारंभ साकची स्थित जुबिली पार्क गोलचक्कर से हुआ और जो बसंत टॉकीज स्थित शहीद चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद के नारों से पूरा माहौल गुंजायमान रहा। इस दौरान पूरे रास्ते देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस गरिमामई यात्रा में सांसद विद्युत वरण महतो तथा भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी विशेष रूप से शामिल हुए। इसके अलावा कई पूर्व सैनिक, बुद्धिजीवी, समाजसेवी और शहर के सम्मानित नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर सेना के पराक्रम और केन्द्र सरकार की उपलब्धियों के प्रति अपना समर्थन और गर्व प्रकट किया। यात्रा के दौरान हर हाथ में तिरंगा और हर चेहरे पर राष्ट्रप्रेम की चमक दिखाई पड़ रही थी। पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए जनता सदैव सेना और सरकार के साथ खड़ी है। यह तिरंगा यात्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को समर्पित रही और जिससे देशवासियों के मन में गर्व और सुरक्षा का भाव और गहरा गया है। आयोजन ने शहर में राष्ट्रभक्ति और जनएकता की मिसाल पेश की।