वास्कुलर सोसाइटी ऑफ इंडिया टाटा स्टील के सहयोग से जमशेदपुर में आज करेगी वॉकथॉन का आयोजन

 

जमशेदपुर : वास्कुलर सोसाइटी ऑफ इंडिया टाटा स्टील के सहयोग से आज रविवार 4 अगस्त को नेशनल वास्कुलर डे के अवसर पर जमशेदपुर में वॉकथॉन का आयोजन करेगी। ताकि वास्कुलर रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। इस साल वॉकथॉन की थीम ‘अंप्युटेशन फ्री वर्ल्ड’ है। यह आयोजन पूरे भारत के 34 शहरों में किया जा रहा है। ताकि वास्कुलर रोगों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके और जो अंप्युटेशन के कारणों में से एक हैं। लेकिन इन्हें रोका और ठीक किया जा सकता है। वहीं जमशेदपुर इस नेक उद्देश्य के समर्थन में पहली बार वॉकथॉन की मेजबानी कर रहा है। वॉकथॉन सुबह 6 बजे जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मुख्य द्वार से शुरू होगा और 2.5 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इस दौरान टाटा स्टील कॉर्पोरेट सर्विसेज के वीपी चाणक्य चौधरी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। अब तक 280 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है और जो इस महत्वपूर्ण उद्देश्य के लिए मजबूत सामुदायिक समर्थन को दर्शाता है। इस संबंध में टाटा स्टील के मेडिकल सर्विसेज के जीएम सह इंडियन वास्कुलर सोसाइटी के सदस्य डॉ सुधीर राय ने कहा कि इस वॉकथॉन का आयोजन कर हम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं। पेरिफेरल आर्टेरियल डिजीज का प्रारंभिक पता लगाने और समय पर उपचार से अंगों के अंप्युटेशन को रोका जा सकता है। वास्कुलर रोग, जो शरीर की रक्त वाहिकाओं को प्रभावित करते हैं, एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य समस्या है। भारत में 40-50 प्रतिशत सभी अंप्युटेशन का कारण वास्कुलर रोगों से जुड़ी जटिलतायें होती हैं। जोखिम कारकों में धूम्रपान, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और उच्च रक्त कोलेस्ट्रॉल शामिल हैं। गंभीर जटिलताओं और गैंग्रीन को रोकने के लिए प्रारंभिक स्तर पर पहचान और उपचार किया जाना आवश्यक हैं। वॉकथॉन का उद्देश्य वास्कुलर रोगों के जोखिम कारकों, लक्षणों और उपलब्ध उपचारों के बारे में जनता को शिक्षित करना है। साथ ही वास्कुलर रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान में शामिल होने के लिए सभी जन समुदाय को आमंत्रित भी किया गया है।

Related posts