कथावाचक ने भगवान की महिमा का वर्णन कर श्रोताओं में भक्ति भावना का किया संचार

जमशेदपुर : सीतारामडेरा क्षेत्र के भुइयांडीह स्लैग रोड स्थित नीति बाग कॉलोनी में चल रहे अष्टम सात दिवसीय भागवत कथा के तीसरे दिन सोमवार को कथावाचक आचार्य बालव्यास पंडित विवेक महाराज ने कपिल अवतार, भगवान के नाम की महिमा, सृष्टि की रचना, नरसिंह अवतार, नरकों की कथा का विस्तार से श्रवण कराया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को संदेश दिया कि अपने पति की आज्ञा के बिना ऐसा कोई भी काम न करें। जिससे घर परिवार में गृह क्लेश हो। पति को परमेश्वर, सास-ससुर को अपने माता-पिता समझकर सेवा करनी चाहिए। श्री हरि गोबिन्द सेवा समिति और जेके पांडा इकोसिटी गालुडीह द्वारा आयोजित कथा के दौरान महाराज ने अजामेल उपख्यान का वर्णन करते हुए भगवान की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि भगवान का नाम इस कलिकाल में कल्पवृक्ष माना गया है। उन्होंने वृतासुर की बीरबानी, प्रहलाद चरित्र समुंद्र मंथन का मार्मिक वर्णन कर श्रोताओं में भक्ति भावना का संचार किया। सृष्टि की रचना का वर्णन करते हुए कथा वाचक ने कहा कि सबसे पहले भगवान श्री हरि विष्णु की नाभि से कमल के फूल पर बैठे ब्रह्मा जी की उत्पत्ति हुई। जिसके बाद भगवान श्री हरि विष्णु के आदेश के अनुसार ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की। उन्होंने मनु और सतरूपा की उत्पत्ति की। मनु और सतरूपा से पांच संतानें दो पुत्र और तीन कन्या हुईं। नरसिंह अवतार का वर्णन करते हुए महाराज ने बताया कि दैत्यराज ने कहा कि इस पत्थर नुमा खंभे में हरि कहां हैं। तभी भगवान प्रहलाद की लाज रखने के लिए उस खंभे से निकलकर भगवान ने नरसिंह अवतार लेकर दैत्यराज का वध कर दिया। नरकों की कथा में महाराज ने 28 प्रकार के नरकों का वर्णन करते हुए बताया कि जीवन में दान की गई वस्तु का स्वयं द्वारा उपयोग नहीं करना चाहिए। नहीं तो उसके कारण व्यक्ति नरक गामी बन जाता है। नरकों के नाम और उनके हाल का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि किस पाप से कौन सा नरक मिलता है? कथा के दौरान राधे-राधे के उद्घोष से माहौल भक्ति के रस में डूब गया। इस कथा का सीधा प्रसारण वैदिक व आस्था चेनल पर भी हुआ और जो 23 फरवरी तक रोजाना चलेगा। वहीं कथा के चौथे दिन मंगलवार को कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। साथ ही वामन अवतार और राम कथा का वर्णन भी किया जाएगा। मौके पर मुख्य रूप से गोविन्द राम सरोज, श्रीराम सरोज, हरिओम सरोज, नंद जी सिंह, दिलीप सिंह, रवि सिंह समेत अन्य भक्त मौजूद थे।

Related posts