कुख्यात अपराधी कार्तिक मुंडा की अपार्टमेंट से गिरकर हुई मौत, पत्नी ने लगाया मारने का आरोप

– एसपी सिटी ने कहा मामले का लगाया जा रहा है पता

जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत बाल बिहार स्थित मित्तल विहार अपार्टमेंट के चार तल्ले में चार दिनों से परिचित के फ्लैट में रह रहे कुख्यात अपराधी कार्तिक मुंडा की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। जिसके बाद सरायकेला-खरसावां जिले की तीन पुलिस टीम सोनारी थाने पहुंची। जहां से स्थानीय पुलिस टीम को लेकर सभी मितल अपार्टमेंट के पास पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने पूरे आस-पास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। जिसके बाद पुलिस कार्तिक मुंडा को गिरफ्तार करने के लिए मितल अपार्टमेंट में घुसकर सीढ़ी के रास्ते ऊपर चढ़ने लगी। इसी बीच चलने की आवाज से इसकी भनक कार्तिक को लग गई। जिसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने अपार्टमेंट के छत पर चढ़कर पीछे सटे विश्वनाथ अपार्टमेंट के छत पर छलांग लगा दी। जिसके बाद वह बगल में स्थित श्रीजन अपार्टमेंट परिसर की तरफ विश्वनाथ अपार्टमेंट की पाइप से नीचे उतरने लगा। मगर पानी से भीगा होने के कारण उसका हाथ पाइप से फिसल गया। जिससे वह चार तल्ले से सीधे नीचे जमीन पर जा गिरा। जहां खून के धब्बे भी मौजूद हैं। पुलिस का कहना है कि उन्होंने रात्रि 2 बजे छापेमारी की थी। जिसमें एक महिला डीएसपी भी शामिल थी।

वहीं सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रात्रि लगभग 1 से 1:30 बजे के बीच की हैं। घटना के बाद कार्तिक मुंडा लगभग 20 मिनट तक घायल अवस्था में ऐसे ही पड़ा रहा। इस दौरान पुलिस ने उसे पानी भी पिलाया। और फिर पुलिस उसे इलाज के लिए टीएमएच लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। उस वक्त रात के 3 बज रहे थे। अब सवाल यह उठता है कि घटना घटने के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने में इतनी देर क्यों की? क्या पुलिस उसे इलाज के लिए कही और भी लेकर गई थी?

 

पत्नी ने पुलिस पर लगाया मारने का आरोप :-

मामले में मृतक कार्तिक मुंडा की पत्नी ने पुलिस पर पति को मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पति को उसके सामने पकड़कर सीढ़ी से ले जा रही थी। तब पति अपने पैरों पर चलकर गया। मगर अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत की सूचना मिली। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया। जबकि मामले में एसपी ग्रामीण सह प्रभारी सिटी एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि मामले का पता लगाया जा रहा है।

 

कार्तिक मुंडा विक्की नंदी की करवाने वाला था हत्या :-

कुख्यात अपराधी कार्तिक मुंडा और सागर लोहार आदित्यपुर के स्क्रैप कारोबारी सह अपराधी विक्की नंदी की हत्या करवाने वाले थे। बताते चलें कि विगत दिनों कदमा बाजार में सागर लोहार के खासमखास भोलू कुम्हार की हत्या अपराधियों ने गोली और चापड़ मारकर कर दी थी। जिसमें विक्की नंदी का नाम सामने आया था। जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। ऐसा कर उसने सागर लोहार और कार्तिक मुंडा को सीधे चुनौती दे डाली थी। जिसको लेकर दोनों विक्की नंदी से बदला लेने की फिराक में थे।

 

मृतक कार्तिक मुंडा पर दो दर्जन से ज्यादा मामले हैं दर्ज :-

 

मृतक अपराधी कार्तिक मुंडा पर शहर के थानों में दो दर्जन से अधिक मामले भी दर्ज हैं। वहीं कई बार गैंगवॉर की घटना में कार्तिक मुंडा बच गया था। जबकि पिछले साल पुलिस ने उसके सीतारामडेरा स्थित घर पर इस्तेहार भी चस्पा किया था। इसी तरह 2017 में उसके विरुद्ध सिदगोड़ा थाने में आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज किया गया था। बताया जा रहा है कि बम से हमला करने में कार्तिक को महारथ हासिल थी। अधिकतर घटना में उसने बम का इस्तेमाल किया था। इधर पुलिस के पास उसके हालिया तस्वीर भी नहीं थी। जबकि पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी।

Related posts