तोहफा तोहफा…..झारखंड के सरकारी कर्मचारियों को दुर्गा पूजा का तोहफा, 19 अक्टूबर से मिलेगा वेतन

रांची : झारखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दुर्गा पूजा का तोहफा दिया है। उन्हें अक्टूबर महीने के वेतन का भुगतान 19 अक्टूबर से किया जाएगा। इसका आदेश मंगलवार को वित्त विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह ने जारी कर दिया।

जारी आदेश में कहा गया है कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर झारखंड कोषागार सहिता 2016 के नियम 139 में निहित प्रावधान के आलोक में राज्य सरकार के द्वारा निर्णय लिया गया है कि झारखंड सरकार, राज्यपाल सचिवालय, झारखंड उच्च न्यायालय और विधान सभा सचिवालय के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को माह अक्टूबर के मासिक वेतन का भुगतान 19 अक्टूबर से किया जाय।

इससे पहले भी राज्य सरकार पर्व और विशेष अवसर पर कर्मचारियों की सुविधा के मद्देनजर वेतन का भुगतान पहले करती रही है। पूजा से पहले वेतन भुगतान होने पर कर्मचारियों में खुशी है।

Related posts