सांसद ने खरसावां गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, केंद्रीय मंत्री के साथ मेले में स्टॉलों का किया निरीक्षण 

जमशेदपुर : सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार 1 जनवरी 1948 को हुए खरसावां गोलीकांड के शहीदों को नमन कर अपनी श्रद्धांजलि दी। वहीं नववर्ष के पहले दिन खरसावां स्थित शहीद की बेदी पर पहुंचकर उन्होंने अपना श्रद्धा सुमन अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि भी दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा की खरसावां गोलीकांड भारतीय इतिहास का एक ऐसा काला अध्याय है, जिसपर आज भी पर्दा पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि झारखंड की अस्मिता और पहचान से जुड़ी इस गोलीकांड में अनगिनत लोगों ने अपनी कुर्बानी दी है। आज के दिन हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि उनकी कुर्बानी बेकार न जाए। साथ ही उन्होंने खरसावां स्थित किसान मेला में भाग भी लिया।

वहीं भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में मुख्य रूप से झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और भारत सरकार के कृषि एवं जनजाति कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा उपस्थित रहे। इसके अलावा रांची के सांसद संजय सेठ भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान सांसद ने केंद्रीय मंत्री के साथ मेला में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

Related posts