प्रतिबंध के बावजूद शहर में धड़ल्ले से बिक रहा गुटखा, होलसेलर और दुकानदार हो रहे मालामाल 

 

जमशेदपुर : बीते दिनों झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुटखा पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाते हुए एक नोटिफिकेशन जारी किया गया था। बावजूद इसके शहर में धड़ल्ले से गुटखा बिक रहा है। गली-नुक्कड़ चौक-चौराहे के चाय दुकान और पान गुमटी में दुकानदार आदेश को ठेंगा दिखाते हुए बेरोकटोक गुटखा बेच रहे हैं। और तो और दुकानदार गुटखा बंद होने की बात कहकर गाहकों से ज्यादा पैसे भी वसूल रहे हैं। जिसके तहत 20 रुपए में दुकानदार तीन गुटखा बेच रहा है। इसी तरह होलसेलर भी दुकानदारों से गुटखा बेचने के एवज में ज्यादा पैसे वसूल रहे हैं। साथ ही ये होलसेलर छोटे-मोटे दुकानदारों को ऐसा कोई आदेश नहीं आने की बात कहकर दिग्भ्रमित भी कर रहे हैं। शहर के साकची मोमडन लाइन, साकची बाजार, बिस्टुपुर पुरिया ब्रदर्स, कदमा शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 4 सफेद रंग के निर्माणाधीन बिल्डिंग के बगल में तिवारी की घर सह होलसेलर दुकान, कदमा रामजनम नगर फुटबॉल मैदान शिव मंदिर के पीछे उड़िया की घर से होलसेल में गुटखा की बिक्री, कदमा भाटिया बस्ती मेन रोड पर डाबू और एक अन्य होलसेल की दुकान से गुटखा की बिक्री, कदमा बाजार में कोयला टाल लाइन होटल विराट की गली में संदीप सेठ की होलसेल दुकान से गुटखा बिक्री और सोनारी पुराना थाना रोड में भी दिन-रात होलसेल दुकानदार द्वारा गुटखा बेचा जा रहा है। मगर जिला प्रशासन ने कभी इस ओर देखना तक जरुरी नहीं समझा। वहीं नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भी अबतक जिला प्रशासन खामोश क्यूं है। इस संबंध में जिले के सिविल सर्जन डॉ साहिल पाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर गुटखा पर प्रतिबंध लगाया गया है। जो लोग इसे गलत बता रहे हैं, उनकी गलतफहमी बहुत जल्द दूर होगी। जिला प्रशासन इसपर कार्यवाही करते हुए बहुत जल्द छापेमारी अभियान चलाएगी।

Related posts

Leave a Comment