भेलवाघाटी में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार विनोद सिंह का हुआ जोरदार स्वागत

गिरिडीह:- कोडरमा का सांसद कैसा हो विनोद सिंह जैसा हो! नारे के साथ देवरी प्रखंड के भेलवाघाटी में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार विनोद सिंह का ज़ोरदार स्वागत किया गया। आम आदमी पार्टी देवरी के प्रखंड अध्यक्ष कासिम अंसारी की अगुवाई में ढोल मांदर के साथ नौजवान, किसान, मजदूर, महिलाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मौके पर विनोद सिंह ने कहा कि पिछले दस साल में कोडरमा लोकसभा का समुचित विकास नहीं हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में भी लोगों को निराशा ही हाथ लगी। देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। युवाओं से अच्छे दिन के नाम पर वोट लिए और बेरोजगारी चरम पर पहुंचा दिया। इस बार व्यवस्था बदलाव के लिए वोट करें। आम आदमी पार्टी देवरी प्रखंड अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी दल कांग्रेस , झामुमो, राजद, भाकपा माले, आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एकजुट हैं। हम करो या मरो के तर्ज पर 2024 का लोकसभा चुनाव लडेंगें और जीतेंगे।

जनसंपर्क कार्यक्रम में कांग्रेस , झामुमो, राजद , भाकपा माले और आम आदमी पार्टी के सैकडों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts