विधि विधान से रुद्राभिषेक हुआ संपन्न, हजारों लोगों ने ग्रहण किया “महाप्रसाद

 

बारीडीह में दो दिनों तक रहा उत्सव-सा माहौल, हाथी कानपूड़ी और आलू-परवल की सब्जी का चखा स्वाद

जमशेदपुर: बारीडीह स्थित विधानसभा कार्यालय में श्रावण मास के पहले सोमवार को विधायक सरयू राय द्वारा भगवान शिव के रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। जिसके बाद दोपहर 1 बजे से पास स्थित रामार्चा मैदान में हजारों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया और जो देर रात्रि तक चला। इस दौरान रामार्चा पूजा और रुद्राभिषेक संपन्न कराने वाले पंडित विनोद पांडेय ने बताया कि सोमवार की सुबह सबसे पहले गौरी-गणेश, वरुण, नवग्रह, मात्रिका आदि का पूजन किया गया। इसके बाद भगवान का पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका आवाहन किया गया। जिसके बाद विग्रह स्नान कराया गया। दूध, दही, मधु, घी, गन्ने का रस, भांग का रस और पवित्र भस्म को घोलकर शिवजी का स्नान कराया गया। साथ ही भगवान को भोग भी लगाया गया। भोग लगाने के बाद उसे ग्रहण करने के लिए प्रभु की पूजा भी की गई। इसके बाद रुद्राभिषेक शुरु हुआ। यह रुद्राभिषेक दूध, जल, गुड़ मिश्रित जल, गन्ने का रस आदि से किया गया। रुद्रअष्टधायी का पाठ अनवरत चलता रहा। यह चार घंटे तक चला। इसके बाद उत्तर पूजन किया गया। इसमें प्रभु का पुनः श्रृंगार किया गया। रुद्राभिषेक होने के बाद भगवान शिव के प्रसाद का वितरण भी किया गया। वहीं रुद्राभिषेक संपन्न होने के बाद कल संपन्न रामार्चा पूजा का महाप्रसाद मैदान में वितरित किया गया। इस बार रामार्चा पूजा के महाप्रसाद में बक्सर के कुशल कारीगरों द्वारा हाथी कानपूड़ी, आलू परवल की सब्जी, आलू बैंगन की सब्जी, टमाटर की खट्टी-मीठी चटनी और बुंदिया बनाया गया था। प्रसाद ग्रहण करने वालों में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के उत्तर पूर्व क्षेत्र के पूर्व संचालक सिद्धिनाथ सिंह, जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन सिंह, पूर्व कोल्हान आयुक्त विजय कुमार सिंह, खादी बोर्ड के मनोज कुमार सिंह, जिला परिषद की सदस्य कविता परमार, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, पथ निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता दीपक सहाय, उद्योगपति राज कुमार अग्रवाल, टाटा मोटर्स के टाउन एडमिनिस्ट्रेटर रजत सिंह, बीएन सिंह, जुस्को के एमडी ऋतुराज सिन्हा, कारपोरेट सर्विसेज के चीफ प्राण्य सिन्हा, टाटा स्टील के वीपी चाणक्य चौधरी, भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह, साहिबगंज के भाजपा नेता अमित कुमार सिंह, पूर्व भाजपा नेता सह समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले, जुगसलाई झामुमो विधायक मंगल कालिंदी, नेपाली समाज के विजय दमाई, वरिष्ठ नागरिक सेवा संघ के शिवपूजन सिंह के अलावा कई मंदिरों के प्रतिष्ठित पुजारी और पटेल समाज के प्रतिष्ठित लोग भी शामिल हुए।

Related posts